Wednesday, February 12, 2014

लीडरशिप का तीसरा सबकः खुद में ढूंढ़ें चीज़ों को आसान बनाने का हुनर

स्टीव जॉब्स के जीवन से लिए लीडरशिप के सबक सीरीज़ में प्रकाशित किए जा रहे हैं। पढ़िए उनके जीवन से लिया सबक...
 
 
जॉब्स ने सरलता का पाठ अटारी गेम्स में नाइट शिफ्ट के दौरान सीखा। वे कॉलेज ड्रॉप आउट थे। तभी से सहजता और सरलता उनके स्वभाव का हिस्सा बन चुकी थी। उनका मानना था कि किसी भी चीज को मूल रूप से समझकर उसमें से अनावश्यक तत्वों को हटाकर सरल किया जा सकता है। सरलता में खासी नफासत रहती है और एपल ने हमेशा से सिम्पलिसिटी पर जोर दिया है। 
 
70 के दशक में एस्पेन इंस्टीट्यूट में हुई एक डिजाइन कांफ्रेंस में सिम्पलिसिटी के प्रति जॉब्स का आग्रह खुलकर देखने को मिला। जब जॉब्स जेरॉक्स के पालो अल्टो रिसर्च सेंटर गए और उन्होंने ऐसा कंप्यूटर देखा जो इंटरफेस और माउस के आधार पर चलता है, तब उन्होंने उसका और उम्दा डिजाइन बनाने का विचार किया। वे इसे और सरल करना चाह रहे थे। उदाहरण के लिए जेरॉक्स के माउस में तीन बटन थे। इसकी लागत तब 300 डॉलर हुआ करती थी। जॉब्स इसके लिए स्थानीय इंडस्ट्रियल डिजाइन फर्म के पास गए और उसके संस्थापकों में से एक डीन होवे से मिले। जॉब्स ने उनसे कहा कि वे एक सरल एक बटन का माउस चाहते हैं। इसे डीन ने बना दिया और इसकी लागत 15 डॉलर आई। 
 
जॉब्स  का मानना था कि जटिल और कठिन चीजों को छोड़ने की बजाय उसको हासिल कर सरल बनाया जाना चाहिए। वे कहते थे कि सहजता इस कदर किसी मशीन में हो कि जब भी यूजर इस पर हाथ आजमाएं तो उसे बहुत आसान लगे, उसे जूझना न पड़े। इसके लिए कड़ी मेहनत करना होती है।
 
एपल के इंडस्ट्रियल डिजाइनर जॉनी आईवी के रूप में जॉब्स को मानो मनचाहा व्यक्ति मिल गया। वे जानते थे कि किसी चीज को कैसे और सिम्पल किया जाना चाहिए। आईपॉड का डिजाइन तैयार करते समय जॉब्स ने कोशिश कि यह प्रोडक्ट जटिल नहीं हो। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जो भी चीज चाहिए वह तीन क्लिक में मिल जाए। उदाहरण के लिए एक नेवीगेशन स्क्रीन पर यूजर से पूछा जाता था कि वह क्या चाहता है, गीत, एलबम या आर्टिस्ट। इसे बनाने के दौरान जॉब्स ने पूछा कि हमें यह स्क्रीन क्यों जरूरी है। तब डिजाइनरों को लगा कि वाकई में ऐसी स्क्रीन की जरूरत ही नहीं थी। एक स्थान पर जॉब्स ने समझाया कि मुझे ऑन-ऑफ का बटन नहीं चाहिए।
 
पहले तो टीम के मेम्बर्स को यह सुझाव विचित्र लगा, लेकिन बाद में उन्होंने महसूस किया कि यह गैर जरूरी है। उनको समझाया कि जब भी डिवाइज का यूज नहीं होगा, तब यह अपने आप बंद हो जाएगा और जब काम में लेना होगा, अपने आप शुरू हो जाएगा। 2001 में पोर्टेबल म्यूजिक प्लेयर की गरज ने आईपॉड और आईट्यून स्टोर बनवाया। इसके बाद मोबाइल की बारी आई।

नौकरियों का सदाबहार नियोक्ता फार्मा सेक्टर

मेडिकल के बाद दूसरा पसंदीदा फील्ड फार्मास्यूटिकल सेक्टर, रोजगार देने वाले मजबूत क्षेत्र के रूप में अपनी जगह बना चुका है। अच्छी बात यह है कि अधिकतम रोजगार देने के साथ-साथ नौकरी योग्य बनाने में भी फार्मा सेक्टर अव्वल है।
रिअर के लिए फार्मा सेक्टर को अपनाने वाले उम्मीदवारों को दो बातें जाननी चाहिए। देश में अधिकतम रोजगार देने वाले सेक्टर्स में शामिल फार्मा फील्ड में हमेशा मैनपावर की मांग रहती है। दूसरी अहम बात है कि नौकरी के योग्य अधिकतम उम्मीदवार भी इसी क्षेत्र की देन हैं। इस वर्ष की इंडिया स्किल्स रिपोर्ट बताती है कि देश में नौकरी के योग्य उम्मीदवारों का अधिकतम प्रतिशत (54 प्रतिशत) फार्मा सेक्टर से उपलब्ध होता है। दोनों ही तथ्य इस फील्ड में भविष्य बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों को उम्मीद बंधाते हैं क्योंकि यहां न सिर्फ नौकरी के अवसर हैं, बल्कि काम की कुशलताओं को विकसित करने का प्लेटफॉर्म भी है।
असल में मेडिकल के बाद दूसरा पसंदीदा क्षेत्र फार्मास्यूटिकल सेक्टर, रोजगारोन्मुखी क्षेत्र के रूप में अपनी जगह बना चुका है। करीबन 10,000 सूचीबद्ध और गैर सूचीबद्ध कंपनियां और 21 बिलियन यूएस डॉलर से ज्याएदा का टर्नओवर फार्मा सेक्टर को स्वास्थ्य सेवाओं के स्थापित क्षेत्र के रूप में परिभाषित करते हैं। इतना ही नहीं आंकड़ों के अनुसार, 2015 तक हमारा घरेलू फार्मा बाजार 20 बिलियन यूएस डॉलर तक पहुंच जाएगा। वर्तमान में आकार के लिहाज से यह विश्व का चौथा सबसे बड़ा और मूल्य के लिहाज से 12वां सबसे बड़ा बाजार है। 2020 तक यह इंडस्ट्री 1,40,000 करोड़ की हो जाएगी, लिहाजा यहां हेल्थ साइंसेज से जुड़ने वाले छात्रों के लिए अवसरों की भरमार है। दवा निर्माण और वितरण के साथ-साथ अब फार्मेसी ग्रेजुएट्स के लिए मार्केटिंग, रिटेलिंग, रिसर्च एंड डेवलपमेंट के दरवाजे खुले हुए हैं। निस्संदेह बेशुमार अवसर करिअॅर के शक्तिशाली क्षेत्र के रूप में फार्मा सेक्टर की नींव को मजबूती दे रहे हैं, लेकिन नॉलेज बेस्ड इंडस्ट्री होने की वजह से यहां विशिष्ट दक्षताओं की खासी जरूरत है। विशेषज्ञों के अनुसार, 2022 तक इस क्षेत्र में 25 लाख कुशल श्रमशक्ति की जरूरत होगी। 
जानिए फार्मा सेक्टर को
फार्मा इंडस्ट्री का काम बेसिक केमिकल, लेबर और आर एंड डी की सहायता से हेल्थकेयर प्रॉडक्ट, दवाइयां, जीवन रक्षक औषधि, अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण आदि का निर्माण करना है। यह रिसर्च आधारित क्षेत्र है, जिसका पूरा ध्यान नई और विशिष्ट दवाइयों के विकास और उनकी लॉन्चिंग पर होता है। औषधियों को विकसित करना, उनका निर्माण करना और उनकी मार्केटिंग करना आदि सभी काम एक-एक करके किए जाते हैं जिसके लिए एक फार्मा कंपनी को कई सारी प्रक्रियाओं से गुजरना होता है। गहन शोध के बाद विकसित की गई दवाइयों के उत्पादन और उनके इस्तेमाल के लिए संबंधित लाइसेंस और अधिकार प्राप्त करने होते हैं। उसके बाद उन दवाइयों को जनता तक पहुंचाने के लिए मार्केटिंग और विज्ञापन का सहारा लिया जाता है। भारत, ब्राजील, रूस, मेक्सिको जैसे देश ब्रांडेड मार्केटिंग का सहारा लेते हैं, जिसमें एक डॉक्टर मरीज को बीमारी के लिए एक पर्ची पर दवाइयों के नाम लिखकर देता है, जिसे दवा की दुकान से खरीदा जाता है। जबकि अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य विकसित यूरोपीय देश अनब्रांडेड मार्केटिंग के जरिए दवाइयों को लोगों तक पहुंचाते हैं। इसके लिए डॉक्टर दवाइयों के नाम की पर्ची लिखने की बजाय उनके मॉलिक्यूल या एपीआई खुराक लिखकर मरीज को देता है, जिसे मेडिकल इंश्योरेंस कंपनियां मरीजों को उपलब्ध  कराती हैं।
काम के अवसर
दवाइयां, उपकरण, हेल्थकेयर प्रॉडक्ट आदि विकसित करने, उनके लाइसेंस प्राप्त करने, मार्केटिंग और उन्हें जनता तक पहुंचाने की प्रक्रिया में अस्पताल, फार्मा कंपनी, रिसर्च लेबोरेटरीज, संबंधित सरकारी विभाग आदि में अनेक अवसर उपलब्ध  हैं। 
क्लीनिकल ट्रॉयल, कॉन्ट्रैक्ट रिसर्च, न्यू ड्रग डेवलपमेंट, ड्रग डिलीवरी सिस्टम्स जैसे कई नए क्षेत्र भी फार्मा सेक्टर में शामिल हो चुके हैं, जहां शोध एवं विकास से संबंधित काम होते हैं, लेकिन इन नए क्षेत्रों में काम करने के लिए फार्मेसी में पोस्टग्रेजुएशन और पीएचडी की जरूरत होती है। इन क्षेत्रों में रेगुलेटरी मैनेजर, रिसर्च एंड डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, रिसर्च साइंटिस्ट, रिसर्च एसोसिएट, बायोकेमिकल या बायोप्रोसेस इंजीनियर, बायोलॉजिस्ट, बिजनेस डेवलपमेंट कंसल्टेंट, क्लीनिकल डेवलपमेंट एसोसिएट, क्लीनिकल रिसर्च फिजिशियन, मेडिकल असिस्टेंट आदि पदों पर काम किया जा सकता है।
कुछ सालों के अनुभव  के बाद फार्मास्यूटिकल कंपनी में एरिया मैनेजर, सेल्स मैनेजर, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव, क्वालिटी कंट्रोल मैनेजर आदि पदों पर काम किया जा सकता है। वहीं, एमबीए पेशेवर किसी भी फार्मास्यूटिकल कंपनी में बतौर मार्केटिंग मैनेजर, सेल्स मैनेजर, पर्सोनल मैनेजर काम कर सकते हैं। 
एक फार्मेसी पेशेवर फार्मासिस्ट, ड्रग इंस्पेक्टर, ड्रग कंट्रोलर, मैन्यूफैक्चरिंग केमिस्ट, एनालिटिकल केमिस्ट, ड्रग एनालिस्ट, क्वालिटी कंट्रोलर, क्वालिटी एश्योरेंस हेल्थ मैनेजर, रिसर्च एंड डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, प्रॉडक्ट डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव,  एनालिटिकल केमिस्ट आदि पदों पर नियुक्त हो सकता है। ये सभी अवसर फार्मा सेक्टर के परंपरागत क्षेत्र उपलब्ध कराते हैं।
आपको क्या पढ़ना होगा
फार्मेसी के मुख्य कोर्सेज में फार्मेसी में दो वर्षीय डिप्लोमा (डी फार्मा) व 4 वर्षीय बैचलर ऑफ फार्मेसी (बी फार्मा), दो वर्षीय मास्टर्स इन फार्मेसी (एम फार्मा) और पीचडी प्रोग्राम्स उपलब्ध  हैं। फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स/बायोलॉजी के साथ 10+2 पास करने के बाद आप इन कोर्सेज में प्रवेश ले सकते हैं। ज्यादातर फार्मेसी कॉलेज प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित करते हैं।
यहां से करें पढ़ाई
दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंस एंड रिसर्च, दिल्ली विश्वविद्यालय
http://dipsar.ac.in/
बिहार कॉलेज ऑफ फार्मेसी
www.biharcollegeofpharmacy.com
डिपार्टमेंट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज, बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मेसरा, रांची
www.bitmesra.ac.in
बॉम्बे कॉलेज ऑफ फार्मेसी
www.bcpindia.org
बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, पिलानी
www.bits-pilani.ac.in

Tuesday, January 21, 2014

अच्छे आइडिया पर काम नहीं किया तो वे खत्म हो जाएंगे

तीन साल पहले विवेक व्यास और विमल पोपट अलग-अलग कंपनियों में काम कर रहे थे। खुश थे। फिर उन्होंने राजकोट में एक इंश्योरेंस कंपनी ज्वाइन कर ली। टेक्निकली बहुत ज्यादा कुछ जानते थे। फिर भी लोगों को सफलतापूर्वक बीमा पॉलिसियां बेच रहे थे। आगे उनकी खास कोई योजना नहीं थी। लेकिन किस्मत ने उनके लिए योजना बना रखी थी। एक रोज वे सड़क किनारे एक दुकान पर समोसे खाने को रुक गए। दुकानदार ने उन्हें अखबार के टुकड़े में रखकर समोसे दिए। खा-पीकर वे हाथ में रखे उस अखबार के टुकड़े को फेंकने ही वाले थे कि उनकी नजर उसमें छपी एक सूचना पर गई। किसी की मौत पर शोक संदेश था वह। 
उसे पढ़कर दोनों बहुत डिस्टर्ब हो गए। दोनों को लगा कि क्या शोक संदेश और ज्यादा सम्मानित तरीके से प्रजेंट नहीं किए जा सकते? क्या ये तरीका ऐसा नहीं हो सकता जो लोगों को हमेशा याद रहे? इसी तरह के कुछ और सवाल उनके दिमाग में उमड़-घुमड़ रहे थे। दोनों के जवाब एक जैसे थे। यानी उन्हें लगता था कि शोक संदेशों को सम्मानित और यादगार तरीके से प्रजेंट किया जाना चाहिए। लेकिन उन्हें अब तक यह समझ नहीं आ रहा था कि वे इसके लिए करें क्या? हालांकि एक आइडिया के बीज उनके दिमाग में पड़ चुके थे। उन्होंने अब यह सोचना भी शुरू कर दिया था कि इस आइडिया पर अमल कैसे करें? एक साल निकल गया। फिर उनके आइडिया ने एक वेब पोर्टल को जन्म दिया, ‘श्रद्धांजलि डॉट कॉम।’ भारत में इस तरह का यह अपनी तरह का पहला पोर्टल है। इस पर लोग अपने दिवंगत परिजनों के लिए शोक संदेश डाल सकते हैं। उसे अपने और नाते-रिश्तेदारों तक पहुंचा सकते हैं। यही नहीं आने वाली पीढ़ी भी जब चाहे अपने बुजुर्गो से संबंधित शोक संदेशों को इस पोर्टल पर जाकर पढ़ सकती है। पोर्टल चलाने वाले लड़कों को अभी उनके बिजनेस से कोई फायदा नहीं हो रहा है। लेकिन उनकी कोशिश ने लोगों ध्यान खींचना शुरू कर दिया है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी भी उनकी इस कोशिश की तारीफ कर चुके हैं।
इस साइट पर कोई भी खुद को रजिस्टर कर अपने दिवंगत परिजन की फोटो डाल सकता है। उनसे जुड़े वीडियो अपलोड कर सकता है। शोक संदेश लिख कर उसे अपने रिश्तेदारों, दोस्तों, जानकारों तक भेज सकता है। दिवंगत परिजन की या अपनी पसंद का म्यूजिक उस शोक संदेश के साथ एड कर सकता है। यही नहीं, इस पेज पर पूरा मालिकाना संबंधित सब्सक्राइबर का ही होता है। यानी सिर्फ वही पेज पर कुछ एडीशन, डिलीशन या एडिट कर सकता है। वह चाहे तो अपने पेज पर विज्ञापन ले और न चाहे न ले। यानी कोई भी, पोर्टल का मालिक भी किसी के पेज पर उसकी इच्छा के बिना विज्ञापन नहीं चला सकता। विवेक और विमल के इस पोर्टल पर अभी पूरी रकम उनकी ही लगी हुई है। उन्हें इससे कोई कमाई भी नहीं है। लेकिन वे अपने लिए प्रायोजक या निवेशक जरूर ढूंढ रहे हैं। ताकि इस प्रयास को ज्यादा से ज्यादा लोगों के लाभ के लिए उन तक पहुंचाया जा सके। अभी इस पोर्टल पर करीब 300 सब्सक्राइबर हैं। इन लोगों ने 30 साल के लिए सदस्यता ली है। इन लोगों के लिए करीब पांच ऑनलाइन पेज पोर्टल ने मुहैया कराए हैं। इसके लिए सदस्यों ने करीब 5,000 रुपए फीस का भुगतान किया है। इसके अलावा साइट पर 90 प्रोफाइल कॉम्पलीमेंट्री हैं। ये समाजसेवियों, शहीदों, खिलाड़ियों आदि से जुड़े हुए हैं। आजकल तकनीक का युग है। लोग दुनिया के किसी भी हिस्से में रहें, वे एक दूसरे से जुड़े रहते हैं। परिवार में जो लोग हैं और नहीं रहे उन सभी यादों को एक-दूसरे से साझा कर सकते हैं। तस्वीरें, वीडियो शेयर कर सकते हैं। यानी सबकुछ बस एक क्लिक पर आपके हाथ में हैं। और इसका मतलब यह भी कि आजकल संभावनाओं का कोई अंत नहीं है।
फंडा यह है कि..
आइडिया कभी-किसी मौके पर अचानक आते हैं। ये जब भी आएं इन पर काम शुरू कर देना चाहिए। अगर इन पर काम नहीं किया गया। इन्हें हकीकत में नहीं बदला गया तो ये मर जाएंगे।
above article is published in dainik bhaskar rajsthan and we dont have any rights on above contents

Monday, January 20, 2014

मानो या नहीं लेकिन कभी भगवान आपको मसीहा बना देते है

वह सिर्फ 26 साल के हैं। मेडिकल प्रोफेशन में उन्हें आए अभी आठ महीने ही हुए हैं। डॉ. अंचित भटनागर की हम बात कर रहे हैं। मुंबई के जेजे अस्पताल के सर्जरी विभाग से जुड़े हुए हैं। उस रोज वह हिल पार्क सोसायटी में स्थित अपने घर पर आए ही थे। तभी उन्हें पता चला कि उनकी माताजी दिल्ली से आ रही हैं। नजदीकी अलेक्जेंडर ग्राहम बेल रोड पर भारी भीड़ थी। दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरू सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन को अंतिम विदाई देने ये लोग देश और दुनिया भर से आए हुए थे। सैयदना मोहम्मद का निवास स्थान सैफी महल भी यहीं है। डॉ. अंचित को पता चला तो वे तुरंत मां को सुरक्षित घर लाने के लिए निकल पड़े। वे मां को निकाल ही पाए थे कि अचानक भीड़ में भगदड़ मच गई। अंचित ने देखा कि लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे हैं। चीख चिल्ला रहे थे। जो गिर गए उन्हें कुचलते हुए बचने के लिए यहां-वहां दौड़ रहे हैं। पुलिस भी भीड़ को संभाल नहीं पाई। उसको इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। नीचे गिरे हुए लोग जैसे जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहे थे। महिलाओं- बच्चों की हालत सबसे ज्यादा खराब थी। कई बेहोश हो चुके थे। घायल थे। आसपास कोई मेडिकल सुविधा भी नहीं थी।

 यहां तक कि 24 घंटे खुली रहने वाली दवाइयों की दुकानें भी बंद थीं। आसपास की सोसायटियों की बिल्ंडिंगों के गेट बंद थे। लोग घरों में भीतर घुसे हुए थे। शायद कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहता था। तभी पास की हिल पार्क सोसायटी और एमटीएनएल कॉम्पलेक्स के गार्डो ने गेट खोल दिए। ताकि किसी तरह घायलों की मदद की जा सके। ये दोनों इमारतें सैफी महल के सामने हैं। घायलों-पीड़ितों को एक-एक कर भीतर लाया जाने लगा। मौके पर डॉ. अंचित अकेले थे। उन्होंने भी वक्त नहीं गंवाया। उन्होंने सबसे पहले वहां लाए गए पांच घायलों को अटेंड किया।

सभी घायलों के शरीर में पानी की कमी हो रही थी। अंचित तुरंत अपने घर के भीतर दौड़े। ग्लूकोज और पानी लाकर उन घायलों को दिया। तभी कुछ और पीड़ित वहां ले आए गए। इनमें से कुछ बेहोश थे। अंचित ने उन्हें होश में लाने के लिए उनके मुंह में मुंह से हवा दी। तभी पास की एमटीएनएल बिल्डिंग का चौकीदार उनके पास आ गया। उसने बताया कि उसके यहां भी कई घायल लाए गए हैं। मदद चाहिए। वे तुरंत उसके साथ हो लिए। लेकिन उन्हें तीन मिनट की दूरी पर मौजूद बिल्ंिडग तक पहुंचने में आधा घंटा लग गया। जैसे-तैसे वहां पहुंच पाए। अंचित ने वहां भी अपनी तरफ से घायलों को बचाने के लिए हर तरह के प्रयास शुरू कर दिए। इसके बावजूद कुछ लोगों ने उनके सामने ही दम तोड़ दिया। हालात ऐसे थे कि एंबुलेंस मौके पर पहुंच नहीं पा रही थी। दवाईयां भी नहीं थी। सिर्फ इन इमारतों में रहने वाले लोग ही जो मदद दे पा रहे थे, वही थी। अकेले डॉक्टर अंचित। जो बन पड़ा था, कर रहे थे। दो घंटे तक यही हालात थे। तब-तक इन इमारतों में 60 लोगों को लाया जा चुका था। इनमें तो जो दम तोड़ चुके थे, उन्हें छोड़कर ज्यादातर घायल ऐसे थे जिनके हाथ या पैर टूट गए थे। तकलीफ में थे।


 डॉ. अंचित उन्हें दिलासा दे रहे थे। होश में रखने की कोशिश करते हुए उन्हें कुछ देर दर्द बर्दाश्त करने की हिम्मत दे रहे थे। तभी करीब शाम चार बजे पहली एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि तब तक 18 लोग दम तोड़ चुके थे। लेकिन घायलों में ऐसे भी कई थे, जो सिर्फ और सिर्फ अंचित की वजह से ही सांसें ले रहे थे। उनके लिए यह शख्स भगवान के भेजे मसीहा से कम नहीं था।

 फंडा यह है कि..

 कभी-कभी जिंदगी में भगवान आपको मौका देते हैं। उनकी ओर से भेजे मसीहा की भूमिका अदा करने का। उनके चमत्कारों का हिस्सा होने का। ऐसे मौकों को हमें कभी छोड़ना नहीं चाहिए।
above article is published in dainik bhaskar rajsthan and we dont have any rights on above contents

Friday, January 17, 2014

नए पुराने को मिला दें तो जीवन स्तर बेहतर हो सकता है

ये सिर्फ दो आइडिया हैं। पहला ये कि उन्हें अच्छा और स्वास्थ्यवर्धक भोजन करने के लिए कहें। और दूसरा कि इमरजेंसी में आधुनिक मेडिकल सुविधा मुहैया कराएं। अगर ये दो चीजें हो जाएं तो गरीबों के मौजूदा हालात बहुत बेहतर हो सकते हैं। लेकिन हम सब जानते हैं कि करने के मुकाबले यह कहना बहुत आसान है। लेकिन दो लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने अपने-अपने तरीकों से यह कर दिखाया है। 
पहले आइडिया पर काम किया है सेवाय चिल्ड्रन ट्रस्ट के ई. गोपालकृष्णन ने। वे तमिलनाडु के त्रिची में रहते हैं। एग्रीकल्चर ग्रेजुएट हैं। उन्होंने 1987 में ग्रेजुएशन पूरा किया। पढ़ाई के दौरान ज्यादातर समय खेतों में गुजारा। ताकि फसलों से जुड़े विज्ञान को सीख-समझ सकें। उन्हें पूरा यकीन है कि आज की युवा पीढ़ी उन कई पत्तेदार सब्जियों के बारे में जानती तक नहीं जिन पर भारत में खूब रिसर्च हो चुकी है। अपने यकीन के चलते उन्होंने बच्चों को पढ़ाने का फैसला किया। उनके घर के पीछे वाले हिस्से में ऐसी कई सब्जियां लगी हैं जो पहले कभी खाई जाती थीं। अब नहीं। हां, आजकल उन्हें टीवी पर महंगे शैंपू आदि को बनाने में इस्तेमाल होने वाले घटक के तौर पर जरूर दिखाते हैं। दावा किया जाता है कि इससे बालों का झड़ना, टूटना रोका जा सकता है। कई पौधों के उदाहरण दिए जा सकते हैं। 
मसलन, एसिस्टेसिया जेंजेटिका। पौष्टिक तत्वों से भरपूर यह पौधा अब सजावट का सामान बनकर रह गया है। इसी तरह इपोमोया सेपीरिया। यह पौधा जमीन और पानी दोनों में उग सकता है। इसे महिलाओं की बीमारियों और उनमें बांझपन दूर करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। बेलून वाइन (कार्डियोस्पेरमम हैलीककैबम) नामक पौधा ज्वलनरोधी है। इस पर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा 
रिसर्च कर रही है। जापान भी बेलून वाइन पर रिसर्च कर रहा है। लेकिन भारत में हमने इस पौधे को घास-फूस समझ लिया है। इसके गुणों पर रिसर्च करने की बात तो दूर है। गोपालकृष्णन त्रिची आने से पहले मदुरै में थे। वहां पढ़ाई के दिनों में उन्होंने प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल कर तरह-तरह के व्यंजन बनाने भी सीखे। इसी अनुभव का इस्तेमाल कर उन्होंने मदुरै में एक रेस्तरां भी खोला है। यहां इसी तरह के पौष्टिक व्यंजन मिलते हैं। 
उन्हें पूरा यकीन है कि कोई भी व्यक्ति जीवन और जीवनशैली को टिकाऊ और बेहतर बना सकता है। बशर्ते वह ग्रीन लिविंग अपना ले। यानी प्रकृति के साथ दोस्ताना जीवनशैली। चाहे वह खान-पान हो या रोजमर्रा के जीवन से जुड़े अन्य किसी मामले में। गोपालकृष्णन के दोस्त उनके कई आइडिया पर हंसते हैं। लेकिन पत्नी उन्हें पूरा सहयोग देती हैं। उनके हर आइडिया को वे घर पर आजमाती हैं। 
लागू करती हैं। दूसरे आइडिया पर काम कर रहा है आरोग्य सेवा नाम का एक अन्य संगठन। यह संगठन इसी महीने 11 तारीख को बना है। कई गांव हैं जहां लोगों ने आज तक डॉक्टर नहीं देखे। ऐसे ही कई डॉक्टर हैं जिन्होंने कभी गांवों का रुख नहीं किया। यह संगठन ऐसे ही दो धड़ों के बीच पुल का काम कर रहा है। इस बेहद मुश्किल से मिशन को हाथ में लिया है 30 साल के दयाप्रसाद जी. कुलकर्णी ने। कुलकर्णी मानते हैं कि बहुत से डॉक्टर जरूरतमंदों को सेवाएं मुफ्त में देना चाहते हैं। बस उन्हें अनुकूल माहौल देने की जरूरत है। कुलकर्णी के संगठन की खूबसूरती है लचीलापन। यानी इसमें कोई भी किसी भी स्वरूप में योगदान दे सकता है। उदाहरण के लिए कोई आम आदमी यहां मरीजों के कागजात तैयार करने में मदद कर सकता है। दूर देश से डॉक्टर स्काइप के जरिए मरीजों को इलाज सुझा सकते हैं। यह संगठन सरकार के साथ भी तालमेल करके काम कर रहा है। ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व सरकारी अस्पतालों से टाइअप किया जा सके। कॉरपोरेट सेक्टर से माली मदद ली जा रही है। पैथोलॉजी लैब, दवाइयों की दुकानों और नर्सिग कम्युनिटी से भी संगठन संपर्क कर रहा है। उन्हें भी अपने साथ जोड़ रहा है। अब तक करीब 500 डॉक्टर सहयोग के लिए इस संगठन के साथ आ चुके हैं।
फंडा यह है कि..
पुरानी जमाने की जो सबसे अच्छी चीजें हों, उन्हें अपनाया जाना चाहिए। साथ ही आधुनिक आइडियाज पर काम करते हुए उन्हें भी लागू किया जाना चाहिए। ताकि जीवनशैली को बेहतर किया जा सके। खासकर, उन लोगों की जिनकी माली हालत बहुत बेहतर नहीं है। 
above article is published in dainik bhaskar rajsthan and we dont have any rights on above contents

Thursday, January 16, 2014

ताजा चलन के हिसाब से अपने ब्रांड में तब्दीली करते रहिए

फौजा सिंह दुनिया के सबसे बुजुर्ग मैराथन धावक हैं। उन्होंने 2013 में मुंबई मैराथन में हिस्सा लिया था। उस वक्त उन्होंने इस पर नाखुशी जताई थी कि ऐसी प्रतिस्पर्धाओं में सिखों की भागीदारी बहुत कम है। इस असंतोष का सीधा असर ये हुआ कि 2014 की मुंबई मैराथन में 55 सिख हिस्सा लेने जा रहे हैं। पीली पगड़ी में ये लोग ‘मुंबई दे सिख’ नाम के बैनर तले इस प्रतिस्पर्धा में भाग लेंगे। फौजा सिंह ने मुंबई के बाद पिछले साल ही हांगकांग मैराथन में हिस्सा लिया था। इसके बाद वे रुक गए, क्योंकि उनकी तबीयत अब इसकी इजाजत नहीं देती। उनकी उम्र अब 102 साल हो चुकी है। देश भर में मैराथन जैसी प्रतिस्पर्धाएं साल-दर-साल बड़ी होती जा रही हैं। काफी लोगों के फेसबुक पेज ऐसे लोगों की तस्वीरों से अटे पड़े हैं जो इनमें हिस्सा ले रहे हैं। कुछ लोगों ने तो अगले स्तर की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। ये लोग मैराथन को ‘रन फॉर फन’ कह रहे हैं। यहां अलग तरह की चुनौतियां नजर आती हैं जिनका वे सामना करना चाहते हैं। इस लिहाज से 2014 में इस तरह के अनेक चुनौतीपूर्ण मौके आने वाले हैं। शुरुआत हैदराबाद में 5,000 फीट (लगभग डेढ़ किलोमीटर) की मड रन से होगी। यहां प्रतिभागियों को कीचड़ और पानी से गड्ढों की बाधाएं पार करते हुए फिनिश लाइन तक पहुंचना होगा।


 फिर बेंगलुरू में मिडनाइट मैराथन होगी। इसमें रनिंग ट्रैक के साथ बड़ी फ्लैश लाइटें, वीडियो स्क्रीन और रॉक बैंड भी होगा। युवाओं के बीच यह दौड़ काफी लोकप्रिय है। मैसूर में होने वाली एक दौड़ में जंगल और धूल भरे रास्तों से होते हुए प्रतिभागी फिनिश लाइन तक पहुंचेंगे। यहां एक रोचक टीवी विज्ञापन का जिक्र किया जा सकता है। बनियान के इस विज्ञापन में सैफ अली खान 50,000 पुश अप्स बड़े आराम से करने का दावा करते हैं। ये संभव है या नहीं, यह एक अलग सवाल हो सकता है। लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि लोग अब हेल्थ को लेकर सचेत हो रहे हैं। कई लोग तो अपने ट्रैक सूट वगैरह कार में ही डालकर चलने लगे हैं। रात में भी जॉगिंग का ट्रेंड जोर पकड़ रहा है। हेल्थ प्रोडक्ट को लेकर लोग ज्यादा डिमांडिंग हो रहे हैं। फिटनेस इंडस्ट्री में संभावनाओं को देखते हुए कई यूनिवर्सिटीज ने ऐसे पेशेवर तैयार करना शुरू कर दिए हैं। भारत में भी फिटनेस इंडस्ट्री धीरे-धीरे बढ़ रही है। व्यायाम शाला का बलिष्ठ कोच अब स्मार्ट फोन से लैस हो चुका है। उसमें उससे कोचिंग लेने वाले सभी लोगों के बारे में पूरी जानकारी होती है।


 किसकी क्या जरूरत है? उसी के मद्देनजर वह कोच लगातार इंटरनेट या अन्य स्रोतों से अपडेट लेकर लोगों के लिए वर्कआउट डिजाइन कर रहा है। ऐसे ही स्पोर्ट एसेसरीज सेंटर, योगा ग्रुप, फिटनेस स्टूडियो, वर्कआउट के लिए डिजाइनर वियर पार्लर, आदि बिजनेस के नए मॉडल सामने आए हैं। देश भर में सैकड़ों फूड कोर्ट खुले हुए हैं, जो साफ-सुथरी और स्वास्थ्यवर्धक डाइट उपलब्ध कराने का दावा करते हैं। यहां सुबह कई तरह के जूस उपलब्ध होते हैं। दोपहर को सलाद और शाम को सूप। बीच में उबला हुआ खाना भी रहता है। मतलब सबकुछ वेल डिजाइन्ड। अब लोगों ने अपनी स्पोर्ट टाइमिंग भी बदल दी हैं। रात को कई युवा एक्जीक्यूटिव को इन दिनों स्पोर्ट्स कॉप्लेक्स में देखा जा सकता है। और इस बिजनेस में नई एंट्री है-बिजनेस जिम्नेजियम। नए तरह के नाइट क्लब भी कहा जा रहा है इनको। दिन भर के काम के बाद जाकर आप यहां रात को अपना पसंदीदा टीवी चैनल देख सकते हैं। ब्राउन ब्रेड और सूप के साथ लोगों से मेल- मुलाकात कर सकते हैं। यानी सोने से पहले शरीर और दिमाग के लिए हेल्दी खुराक। अचरज नहीं होना चाहिए अगर 2014 में कई जिम्नेजियम नाइट क्लबों के इस नए कलेवर में नजर आएं तो।

 फंडा यह है कि..

 अगर आपको अपने शहर में फिटनेस इंडस्ट्री की छोटी सी खिड़की भी खुलती नजर आ रही है तो तुरंत उसमें कूद पड़िए। इस बिजनेस में आज की छोटी शुरुआत आगे चलकर निश्चित रूप से बड़ी साबित होने वाली है।
above article is published in dainik bhaskar rajsthan and we dont have any rights on above contents

Wednesday, January 15, 2014

स्कूल/ कॉलेज के ड्रॉप आउट जिंदगी में पीछे रहें जरूरी नहीं

सेलेब्रिटी की कहानी: वह झूठा है। असभ्य है। उसने अपनी उम्र के संबंध में गलत जानकारी दी है। इसलिए बीसीसीआई की इनडोर क्रिकेट अकादमी में उसे नहीं रहना चाहिए। उसे बाहर कर दिया जाना चाहिए। चार साल पहले 2009 में जब उसने हैरिस शील्ड में 439 रन बनाए तो कुछ इसी तरह उसके खिलाफ दलीलें दी गईं। तब वह 15 साल का था। रोज स्कूल नहीं जाता था। इसलिए उसे क्रिकेट के सत्र के बीच ट्यूशन दी जाती थी। लेकिन इन्हीं आलोचनाओं के बीच उसने जूनियर क्रिकेट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के एक गेंदबाज की खूब धुनाई की। महज 66 गेंदों पर 101 रन बना दिए। इस पर विपक्षी टीम ने उनके खिलाफ कमेंट किए। लेकिन उसने कुछ नहीं कहा। कहता भी कैसे? वह अंग्रेजी का एक शब्द भी नहीं समझता था। लेकिन सरफराज खान एक चीज तो अच्छी तरह समझता था। ये कि वह भी एक दिन युवराज सिंह, विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा की तरह ऊंचाई पा सकता है। इसलिए वह चुपचाप रन बनाता रहा। अपने काम में लगा रहा। और बीते सोमवार को ही उसे भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम में जगह दी गई है। यानी अब लोग उसके बल्ले की ही चर्चा करेंगे। आलोचना नहीं।

आम आदमी की कहानी: अंगद दरयानी को यह बेहद पसंद है कि ऑटोमेशन, रोबोटिक, इलेक्ट्रॉनिक आर्ट से जुड़े स्रोत सबके लिए खुले हों। ताकि सब लोग इस तरह के प्रोजेक्ट को अंजाम दे सकें। लेकिन अंगद की भी कई लोग आलोचना करते हैं। उसे ड्रॉप आउट कहा जाता है। क्योंकि उसने नौवीं कक्षा के बाद स्कूल जाना छोड़ दिया था। आम तौर पर यह वो साल होता है जब बच्चे अपने भविष्य पर गंभीरता से ध्यान केंद्रित करना शुरू करते हैं। इससे आगे 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा होती है। फिर कॅरिअर एक दिशा लेता है। लेकिन अंगद ने यहीं से स्कूल छोड़ दिया। हालांकि वह पढ़ाई में बुरा नहीं था। कक्षा के टॉप तीन बच्चों में उसकी गिनती होती थी। लेकिन उसे लगा कि वह स्कूल और ट्यूशन में बहुत ज्यादा टाइम खराब कर रहा है। और यहां से उसे जो ज्ञान मिल रहा है वह जिंदगी में ज्यादा काम भी नहीं आने वाला। सो बस उसने वहीं फुल स्टॉप लगा दिया। इसके बाद पूरा एक साल यूं ही बर्बाद चला गया। स्कूल का कोई स्टूडेंट्स उससे मिलने नहीं आता था। उसकी जिंदगी उसके अपने एक कंप्यूटर और कुछ इंजीनियरों तक सिमट कर रह गई थी। अंगद के माता-पिता उसे लेकर चिंतित हो रहे थे। लेकिन तभी अंगद की प्रतिभा का नमूना सामने आया। पिछले शनिवार को इस 15 साल के बच्चे ने 3डी पिंट्रर विकसित किया। निश्चित रूप से यह डिवाइस भारत या दुनिया में पहली नहीं है। लेकिन अंगद इस डिवाइस की तकनीक को क्रैक करना वाला दुनिया का सबसे कम उम्र का शख्स जरूर है। उसका 3डी प्रिंटर कीमत में भी बाकियों से 500 फीसदी तक कम है। बाजार में मौजूद 3डी प्रिंटर्स की कीमत एक लाख रुपए से ज्यादा है। लेकिन अंगद की डिवाइस की कीमत 18 से 20 हजार रुपए के बीच ही है।सिर्फ यही नहीं, अंगद के इस 3डी प्रिंटर की किट इस तरह की है कि उसे कोई भी असेंबल कर सकता है। इस बच्चे का लक्ष्य बहुत साधारण है। ये कि वह आम आदमी के लिए महंगी पड़ रही हर चीज को कम दाम में लोगों के लिए तैयार कर सके। अब वह वचरुअल ब्रेलर बनाने की कोशिश में जुटा है। दृष्टिहीनों के लिए यह डिवाइस काम आएगी। ये पीडीएफ और टेक्स्ट फाइलों को रियल टाइम में कन्वर्ट करेगी। इसे बनाने के लिए युवा टेक जीनियस अंगद आईआईटी बॉम्बे में ट्री लैब्स के कुछ पीएचडी स्टूडेंट्स के साथ काम कर रहा है।

 फंडा यह है कि..

 उन लोगों को ड्रॉप आउट करने के बजाय वॉक आउट कहना चाहिए, क्योंकि इनमें से ज्यादातर वे लोग होते हैं जो अपनी ताकत की आजमाइश के लिए एक सैट पैटर्न से बाहर आते हैं।
above article is published in dainik bhaskar rajsthan and we dont have any rights on above contents