Wednesday, February 12, 2014

नौकरियों का सदाबहार नियोक्ता फार्मा सेक्टर

मेडिकल के बाद दूसरा पसंदीदा फील्ड फार्मास्यूटिकल सेक्टर, रोजगार देने वाले मजबूत क्षेत्र के रूप में अपनी जगह बना चुका है। अच्छी बात यह है कि अधिकतम रोजगार देने के साथ-साथ नौकरी योग्य बनाने में भी फार्मा सेक्टर अव्वल है।
रिअर के लिए फार्मा सेक्टर को अपनाने वाले उम्मीदवारों को दो बातें जाननी चाहिए। देश में अधिकतम रोजगार देने वाले सेक्टर्स में शामिल फार्मा फील्ड में हमेशा मैनपावर की मांग रहती है। दूसरी अहम बात है कि नौकरी के योग्य अधिकतम उम्मीदवार भी इसी क्षेत्र की देन हैं। इस वर्ष की इंडिया स्किल्स रिपोर्ट बताती है कि देश में नौकरी के योग्य उम्मीदवारों का अधिकतम प्रतिशत (54 प्रतिशत) फार्मा सेक्टर से उपलब्ध होता है। दोनों ही तथ्य इस फील्ड में भविष्य बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों को उम्मीद बंधाते हैं क्योंकि यहां न सिर्फ नौकरी के अवसर हैं, बल्कि काम की कुशलताओं को विकसित करने का प्लेटफॉर्म भी है।
असल में मेडिकल के बाद दूसरा पसंदीदा क्षेत्र फार्मास्यूटिकल सेक्टर, रोजगारोन्मुखी क्षेत्र के रूप में अपनी जगह बना चुका है। करीबन 10,000 सूचीबद्ध और गैर सूचीबद्ध कंपनियां और 21 बिलियन यूएस डॉलर से ज्याएदा का टर्नओवर फार्मा सेक्टर को स्वास्थ्य सेवाओं के स्थापित क्षेत्र के रूप में परिभाषित करते हैं। इतना ही नहीं आंकड़ों के अनुसार, 2015 तक हमारा घरेलू फार्मा बाजार 20 बिलियन यूएस डॉलर तक पहुंच जाएगा। वर्तमान में आकार के लिहाज से यह विश्व का चौथा सबसे बड़ा और मूल्य के लिहाज से 12वां सबसे बड़ा बाजार है। 2020 तक यह इंडस्ट्री 1,40,000 करोड़ की हो जाएगी, लिहाजा यहां हेल्थ साइंसेज से जुड़ने वाले छात्रों के लिए अवसरों की भरमार है। दवा निर्माण और वितरण के साथ-साथ अब फार्मेसी ग्रेजुएट्स के लिए मार्केटिंग, रिटेलिंग, रिसर्च एंड डेवलपमेंट के दरवाजे खुले हुए हैं। निस्संदेह बेशुमार अवसर करिअॅर के शक्तिशाली क्षेत्र के रूप में फार्मा सेक्टर की नींव को मजबूती दे रहे हैं, लेकिन नॉलेज बेस्ड इंडस्ट्री होने की वजह से यहां विशिष्ट दक्षताओं की खासी जरूरत है। विशेषज्ञों के अनुसार, 2022 तक इस क्षेत्र में 25 लाख कुशल श्रमशक्ति की जरूरत होगी। 
जानिए फार्मा सेक्टर को
फार्मा इंडस्ट्री का काम बेसिक केमिकल, लेबर और आर एंड डी की सहायता से हेल्थकेयर प्रॉडक्ट, दवाइयां, जीवन रक्षक औषधि, अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण आदि का निर्माण करना है। यह रिसर्च आधारित क्षेत्र है, जिसका पूरा ध्यान नई और विशिष्ट दवाइयों के विकास और उनकी लॉन्चिंग पर होता है। औषधियों को विकसित करना, उनका निर्माण करना और उनकी मार्केटिंग करना आदि सभी काम एक-एक करके किए जाते हैं जिसके लिए एक फार्मा कंपनी को कई सारी प्रक्रियाओं से गुजरना होता है। गहन शोध के बाद विकसित की गई दवाइयों के उत्पादन और उनके इस्तेमाल के लिए संबंधित लाइसेंस और अधिकार प्राप्त करने होते हैं। उसके बाद उन दवाइयों को जनता तक पहुंचाने के लिए मार्केटिंग और विज्ञापन का सहारा लिया जाता है। भारत, ब्राजील, रूस, मेक्सिको जैसे देश ब्रांडेड मार्केटिंग का सहारा लेते हैं, जिसमें एक डॉक्टर मरीज को बीमारी के लिए एक पर्ची पर दवाइयों के नाम लिखकर देता है, जिसे दवा की दुकान से खरीदा जाता है। जबकि अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य विकसित यूरोपीय देश अनब्रांडेड मार्केटिंग के जरिए दवाइयों को लोगों तक पहुंचाते हैं। इसके लिए डॉक्टर दवाइयों के नाम की पर्ची लिखने की बजाय उनके मॉलिक्यूल या एपीआई खुराक लिखकर मरीज को देता है, जिसे मेडिकल इंश्योरेंस कंपनियां मरीजों को उपलब्ध  कराती हैं।
काम के अवसर
दवाइयां, उपकरण, हेल्थकेयर प्रॉडक्ट आदि विकसित करने, उनके लाइसेंस प्राप्त करने, मार्केटिंग और उन्हें जनता तक पहुंचाने की प्रक्रिया में अस्पताल, फार्मा कंपनी, रिसर्च लेबोरेटरीज, संबंधित सरकारी विभाग आदि में अनेक अवसर उपलब्ध  हैं। 
क्लीनिकल ट्रॉयल, कॉन्ट्रैक्ट रिसर्च, न्यू ड्रग डेवलपमेंट, ड्रग डिलीवरी सिस्टम्स जैसे कई नए क्षेत्र भी फार्मा सेक्टर में शामिल हो चुके हैं, जहां शोध एवं विकास से संबंधित काम होते हैं, लेकिन इन नए क्षेत्रों में काम करने के लिए फार्मेसी में पोस्टग्रेजुएशन और पीएचडी की जरूरत होती है। इन क्षेत्रों में रेगुलेटरी मैनेजर, रिसर्च एंड डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, रिसर्च साइंटिस्ट, रिसर्च एसोसिएट, बायोकेमिकल या बायोप्रोसेस इंजीनियर, बायोलॉजिस्ट, बिजनेस डेवलपमेंट कंसल्टेंट, क्लीनिकल डेवलपमेंट एसोसिएट, क्लीनिकल रिसर्च फिजिशियन, मेडिकल असिस्टेंट आदि पदों पर काम किया जा सकता है।
कुछ सालों के अनुभव  के बाद फार्मास्यूटिकल कंपनी में एरिया मैनेजर, सेल्स मैनेजर, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव, क्वालिटी कंट्रोल मैनेजर आदि पदों पर काम किया जा सकता है। वहीं, एमबीए पेशेवर किसी भी फार्मास्यूटिकल कंपनी में बतौर मार्केटिंग मैनेजर, सेल्स मैनेजर, पर्सोनल मैनेजर काम कर सकते हैं। 
एक फार्मेसी पेशेवर फार्मासिस्ट, ड्रग इंस्पेक्टर, ड्रग कंट्रोलर, मैन्यूफैक्चरिंग केमिस्ट, एनालिटिकल केमिस्ट, ड्रग एनालिस्ट, क्वालिटी कंट्रोलर, क्वालिटी एश्योरेंस हेल्थ मैनेजर, रिसर्च एंड डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, प्रॉडक्ट डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव,  एनालिटिकल केमिस्ट आदि पदों पर नियुक्त हो सकता है। ये सभी अवसर फार्मा सेक्टर के परंपरागत क्षेत्र उपलब्ध कराते हैं।
आपको क्या पढ़ना होगा
फार्मेसी के मुख्य कोर्सेज में फार्मेसी में दो वर्षीय डिप्लोमा (डी फार्मा) व 4 वर्षीय बैचलर ऑफ फार्मेसी (बी फार्मा), दो वर्षीय मास्टर्स इन फार्मेसी (एम फार्मा) और पीचडी प्रोग्राम्स उपलब्ध  हैं। फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स/बायोलॉजी के साथ 10+2 पास करने के बाद आप इन कोर्सेज में प्रवेश ले सकते हैं। ज्यादातर फार्मेसी कॉलेज प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित करते हैं।
यहां से करें पढ़ाई
दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंस एंड रिसर्च, दिल्ली विश्वविद्यालय
http://dipsar.ac.in/
बिहार कॉलेज ऑफ फार्मेसी
www.biharcollegeofpharmacy.com
डिपार्टमेंट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज, बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मेसरा, रांची
www.bitmesra.ac.in
बॉम्बे कॉलेज ऑफ फार्मेसी
www.bcpindia.org
बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, पिलानी
www.bits-pilani.ac.in

No comments:

Post a Comment